गोयला (दून)पवन सिंघ:-
ग्राम पंचायत गोयला की नवगठित पंचायत की पहली ग्राम सभा 9 जुलाई को उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुई, जिसमें 200 से अधिक ग्रामीणों ने भाग लेकर पंचायत के विकास और जनहित के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई। ग्राम सभा की अध्यक्षता युवा प्रधान निर्मला, उपप्रधान गुरुदेव तथा पंचायत के सभी वार्ड सदस्यों ने संयुक्त रूप से की। इस दौरान पंचायत प्रतिनिधियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया। ग्राम सभा में पंचायत के विकास, बच्चों के उज्ज्वल भविष्य, महिला सुरक्षा तथा नशामुक्त समाज के निर्माण को लेकर कई महत्वपूर्ण और दूरगामी निर्णय लिए गए। युवा प्रधान निर्मला ने कहा कि पंचायत का उद्देश्य केवल विकास कार्य करवाना ही नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ी को बेहतर अवसर और सकारात्मक वातावरण उपलब्ध करवाना भी है। ग्राम सभा में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि पंचायत क्षेत्र के विद्यालयों में 5वीं, 8वीं, 10वीं और 12वीं कक्षाओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पंचायत की ओर से सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा खेल, नृत्य, गायन अथवा अन्य गतिविधियों में राज्य स्तर पर चयनित होने वाले बच्चों को भी पंचायत सम्मानित करेगी। साथ ही पुलिस, सेना, अर्धसैनिक बलों एवं अन्य प्रतिष्ठित सरकारी सेवाओं में चयनित होने वाले युवाओं को भी पंचायत मंच पर सम्मान देकर उनके प्रयासों को सराहा जाएगा, ताकि अन्य युवा भी उनसे प्रेरणा लेकर आगे बढ़ सकें। महिला एवं बाल सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए ग्राम सभा में बिना अनुमति पंचायत क्षेत्र में फेरीवालों के घूमने पर रोक लगाने का निर्णय लिया गया। आवारा पशुओं को खुले में छोड़ने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने पर प्रतिबंध लगाने तथा नशे के खिलाफ सख्त कदम उठाने का फैसला भी लिया गया। ग्राम सभा में स्पष्ट किया गया कि चिट्टा या अन्य नशीले पदार्थों की खरीद-फरोख्त में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के साथ पंचायत स्तर पर भी कार्रवाई की जाएगी। इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों की पढ़ाई और बुजुर्गों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रात्रि 11 बजे के बाद डीजे बजाने पर रोक लगाने का निर्णय लिया गया। पंचायत द्वारा बनाए गए नियमों का उल्लंघन करने वालों पर 1000 रुपये तक का जुर्माना लगाने का भी प्रावधान रखा गया है। ग्राम सभा में लिए गए इन निर्णयों का उपस्थित ग्रामीणों ने जोरदार स्वागत किया। कई ग्रामीणों ने कहा कि पंचायत की ओर से पहली बार बच्चों के प्रोत्साहन और उनके भविष्य को लेकर इतने महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं, जो आने वाले समय में समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में सहायक सिद्ध होंगे।
अंत में प्रधान निर्मला, उपप्रधान गुरुदेव तथा सभी पंचायत प्रतिनिधियों ने बड़ी संख्या में ग्राम सभा में पहुंचने के लिए ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विश्वास जताया कि जिस प्रकार ग्रामीणों ने पहली ग्राम सभा में बढ़-चढ़कर भाग लिया है, उसी प्रकार भविष्य में भी पंचायत के विकास कार्यों और जनहित के प्रयासों में अपना सहयोग और समर्थन देते रहेंगे।






