दाड़लाघाट:- क्षेत्र के ट्रांसपोर्टरों के एक प्रतिनिधिमंडल ने रविवार को जिला सोलन ट्रांसपोर्ट ट्रक ऑपरेटर सोसाइटी दाड़लाघाट (एसडीटीओ) के नवनिर्वाचित प्रधान राम कृष्ण बंसल से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें नई जिम्मेदारी संभालने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र के ट्रांसपोर्टरों से जुड़ी विभिन्न लंबित समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए उनके शीघ्र समाधान की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने विशेष रूप से बरसात के मौसम में डीलरों एवं विभिन्न डंप स्थलों पर ट्रकों के समय पर अनलोड न होने की गंभीर समस्या से अवगत कराया। ट्रांसपोर्टरों ने बताया कि कई-कई दिनों तक वाहन खाली नहीं हो पाते, जिससे ट्रक लंबे समय तक डंप स्थलों पर खड़े रहते हैं। इसके कारण उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है, वहीं वाहन चालकों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि ट्रकों के समय पर अनलोड न होने से परिवहन व्यवस्था प्रभावित होती है और सीमेंट की आपूर्ति भी बाधित होती है। इसके अलावा ट्रांसपोर्टरों ने संगठन से जुड़े अन्य लंबित मामलों पर भी चर्चा करते हुए उनके समाधान के लिए प्रभावी पहल करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि ट्रांसपोर्ट व्यवसाय क्षेत्र की अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है, इसलिए इससे जुड़ी समस्याओं का समय रहते समाधान होना आवश्यक है। एसडीटीओ के नवनिर्वाचित प्रधान राम कृष्ण बंसल ने प्रतिनिधिमंडल की सभी समस्याओं को गंभीरता से सुना और आश्वस्त किया कि प्रत्येक मुद्दे को प्राथमिकता के आधार पर उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान ट्रकों की अनलोडिंग की समस्या के समाधान के लिए कंपनी प्रबंधन के साथ शीघ्र बैठक कर व्यावहारिक एवं स्थायी समाधान निकालने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा। राम कृष्ण बंसल ने कहा कि ट्रांसपोर्टरों के हितों की रक्षा करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। संगठन ट्रांसपोर्टरों की प्रत्येक जायज मांग के समाधान के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगा तथा सभी संबंधित पक्षों के साथ समन्वय स्थापित कर समस्याओं का शीघ्र निपटारा कराने का प्रयास करेगा। बैठक के अंत में ट्रांसपोर्टरों ने विश्वास व्यक्त किया कि राम कृष्ण बंसल के नेतृत्व में संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा लंबे समय से लंबित समस्याओं का समाधान होने से ट्रांसपोर्ट व्यवसाय को नई दिशा और मजबूती मिलेगी।






