दाड़लाघाट। डीएवी अंबुजा विद्या निकेतन पब्लिक स्कूल दाड़लाघाट में शिक्षकों के शिक्षण कौशल को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से सीबीएसई की एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का विषय राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 (एनईपी-2020) रहा, जिसमें विद्यालय के साथ-साथ अन्य शिक्षण संस्थानों के शिक्षकों ने भी भाग लिया। कार्यशाला का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य नसीब ठाकुर एवं अन्य प्रतिभागियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। विशेषज्ञ प्रशिक्षक पीजीटी अकाउंट्स पाइनग्रोव पब्लिक स्कूल सोनिया कपूर तथा पीजीटी अर्थशास्त्र डीएवी स्कूल बिलासपुर मुरारी लाल ने नई शिक्षा नीति के उद्देश्यों, शिक्षकों की भूमिका और आधुनिक शिक्षण पद्धतियों पर विस्तृत जानकारी दी। समापन पर शिक्षकों ने अपने अनुभव भी साझा किए। प्रधानाचार्य नसीब ठाकुर ने कहा कि सीखने की प्रक्रिया कभी समाप्त नहीं होती और एक शिक्षक जितना सीखता है, उतना ही प्रभावी ढंग से विद्यार्थियों का भविष्य संवारता है। उन्होंने शिक्षकों से कार्यशाला में प्राप्त ज्ञान और नवाचारों को दैनिक शिक्षण का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर एलएमसी अध्यक्ष एवं सीएमओ (नॉर्थ) एसीएल संदीप सीरह ने सफल आयोजन के लिए विद्यालय परिवार को बधाई देते हुए कहा कि बदलते समय की आवश्यकताओं के अनुरूप स्वयं को निरंतर अद्यतन रखना ही एक उत्कृष्ट शिक्षक की पहचान है।






