Home » Uncategorized » दाड़लाघाट महाविद्यालय में मासिक धर्म स्वच्छता विषय पर जागरूकता व्याख्यान का आयोजन

दाड़लाघाट महाविद्यालय में मासिक धर्म स्वच्छता विषय पर जागरूकता व्याख्यान का आयोजन

Share:

दाड़लाघाट:- राजकीय महाविद्यालय दाड़लाघाट के वूमन सेल द्वारा छात्राओं के स्वास्थ्य एवं जागरूकता को ध्यान में रखते हुए मासिक धर्म स्वच्छता विषय पर एक जागरूकता व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को मासिक धर्म स्वच्छता, व्यक्तिगत स्वच्छता, स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम में वूमन सेल की प्रभारी डॉ. सपना डोगरा ने विषय पर विस्तार से जानकारी देते हुए छात्राओं को मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता बनाए रखने, संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेने, नियमित स्वास्थ्य जांच कराने तथा स्वच्छता संबंधी आवश्यक उपाय अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत एवं मासिक धर्म स्वच्छता महिलाओं के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक स्वास्थ्य का महत्वपूर्ण आधार है तथा इसके प्रति जागरूकता प्रत्येक युवती के लिए आवश्यक है। इस अवसर पर डॉ. भावना आज़ाद ने भी छात्राओं को संबोधित करते हुए अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने, स्वच्छ आदतों को अपनाने और स्वस्थ जीवनशैली को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम के समापन पर सहायक आचार्य रचना तनवर ने सभी छात्राओं को व्यक्तिगत एवं मासिक धर्म स्वच्छता बनाए रखने, स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देने की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में महाविद्यालय की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा विषय से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त कर अपने स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति सदैव जागरूक रहने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *