अर्की। नगर पंचायत अर्की के वार्ड-3 में पार्किंग स्थल से ख्वालीन परिवार चौक तक जाने वाली सड़क लंबे समय से बदहाल पड़ी है। सड़क पर बने गड्ढे, उखड़ी हुई सतह और ऊपर उठे सीवरेज चैंबर राहगीरों व वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बन गए हैं।
यह मार्ग नगर पंचायत के अलावा रोहांज-जलाणा, पलोग और खनलग पंचायतों के लोगों के लिए भी प्रमुख संपर्क मार्ग है, जिससे प्रतिदिन बड़ी संख्या में वाहन गुजरते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के मौसम में सड़क की स्थिति और अधिक खराब हो गई है तथा रात के समय हादसे की आशंका बनी रहती है।
स्थानीय नागरिकों ने संबंधित विभागों से सड़क की शीघ्र मरम्मत करने और सड़क से ऊपर निकले सीवरेज चैंबरों को समतल कर सुरक्षित बनाने की मांग उठाई है।
लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सड़क की मरम्मत का कार्य जल्द शुरू किया जाएगा। वहीं जल शक्ति विभाग ने भी निरीक्षण के बाद सड़क से ऊपर निकले सीवरेज चैंबरों को दुरुस्त करने के निर्देश जारी कर दिए हैं। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि जल्द ही इस समस्या का स्थायी समाधान होगा।






