कुनिहार:-
कम उम्र में बुलंद हौसलों और दृढ़ इच्छाशक्ति का परिचय देते हुए 10 वर्षीय धाविका आस्था ठाकुर ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। आस्था ने दाड़लाघाट से कुनिहार तक की दूरी महज 5 घंटे 30 मिनट में दौड़कर पूरी कर नया कीर्तिमान स्थापित किया। उनकी इस उपलब्धि की क्षेत्रभर में सराहना हो रही है और वे युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनकर उभर रही हैं।

गौरतलब है कि इससे पहले 26 जुलाई को भी आस्था ठाकुर ने दाड़लाघाट से शिमला तक दौड़ पूरी कर अपनी असाधारण क्षमता का परिचय दिया था। लगातार दूसरी बड़ी उपलब्धि हासिल कर उन्होंने यह साबित कर दिया कि यदि मन में दृढ़ संकल्प और लक्ष्य के प्रति समर्पण हो तो कोई भी मंजिल कठिन नहीं होती।
कुनिहार पहुंचने पर स्थानीय महिलाओं और नागरिकों ने आस्था ठाकुर का फूलमालाएं पहनाकर तथा हिमाचली टोपी भेंट कर भव्य स्वागत किया। उपस्थित लोगों ने उनकी मेहनत, लगन और साहस की मुक्तकंठ से प्रशंसा करते हुए उन्हें क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणादायक बताया।

इस अवसर पर आस्था ठाकुर ने कहा कि कुनिहार पहुंचकर उन्हें बेहद खुशी महसूस हो रही है। उन्होंने बताया कि उनकी दौड़ का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने का संदेश देना है। उनका मानना है कि यदि युवा खेलों और सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ें तो वे अपने जीवन में बड़ी सफलताएं हासिल कर सकते हैं।






