Home » Uncategorized » गंभर पेयजल योजना की मोटर में लगी आग, ग्रामीण क्षेत्रों में गहराया पेयजल संकट

गंभर पेयजल योजना की मोटर में लगी आग, ग्रामीण क्षेत्रों में गहराया पेयजल संकट

Share:

कुनिहार
अक्षरेश शर्मा
कुनिहार क्षेत्र की प्रमुख गंभर पेयजल योजना एक बार फिर तकनीकी खराबी का शिकार हो गई है। योजना की मोटर में आग लगने से इससे जुड़े 16 ग्राम पंचायतों में पेयजल संकट गहरा गया है। बार-बार मोटरों के खराब होने से क्षेत्र के लोगों को पानी की आपूर्ति प्रभावित होने की चिंता सताने लगी है।

जानकारी के अनुसार, गंभर पेयजल योजना में पानी लिफ्ट करने के लिए 75-75 हॉर्स पावर की दो मोटरें लगी हैं, जिनकी सहायता से प्रतिदिन लगभग तीन लाख लीटर पानी विभिन्न क्षेत्रों तक पहुंचाया जाता है। करीब एक सप्ताह पहले भी दोनों मोटरें अचानक खराब हो गई थीं। विभाग ने एक मोटर को मरम्मत के बाद चालू कर दिया था। लेकिन देर रात उसी मोटर में शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई, जिससे जलापूर्ति फिर बाधित हो गई।

गौरतलब है कि इस योजना से क्षेत्र की करीब 16 ग्राम पंचायतों को पेयजल उपलब्ध कराया जाता है। योजना शुरू होने के बाद लोगों को स्थायी जलापूर्ति की उम्मीद जगी थी। लेकिन पिछले कुछ वर्षों से मोटरों में लगातार आ रही तकनीकी खराबियों के कारण पेयजल व्यवस्था बार-बार प्रभावित हो रही है।
योजना के सुपरवाइजर नरेश कुमार और ठेकेदार यशपाल ठाकुर ने बताया कि गत सप्ताह खराब हुई मोटरों में से एक को मरम्मत कर चालू किया गया था, लेकिन गुरुवार रात उसमें अचानक आग लग गई। उन्होंने कहा कि दूसरी मोटर को चालू कर दिया गया है और जल्द ही पानी की लिफ्टिंग शुरू कर नियमित जलापूर्ति बहाल कर दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *