कुनिहार
कुनिहार-नालागढ़ मार्ग पर *पेट्रोल पंप बनिया देवी* के समीप लोक निर्माण विभाग द्वारा बनाए गए डंगे के किनारों की भराई न होने से दुर्घटना की आशंका बढ़ गई है। स्थानीय लोगों ने विभाग से जल्द आवश्यक सुरक्षा उपाय करने की मांग की है।
पूरा हुआ डंगा, अधूरी रही सुरक्षा
जानकारी के अनुसार गत वर्ष बरसात के दौरान इस स्थान पर भारी भूस्खलन होने से सड़क का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया था। इसके बाद लोक निर्माण विभाग ने सड़क की सुरक्षा के लिए डंगे का निर्माण कार्य शुरू किया, जो अब लगभग पूरा हो चुका है।

लेकिन निर्माण कार्य पूरा होने के बावजूद डंगे के दोनों ओर मिट्टी की भराई नहीं की गई है, जिससे वहां गहरी खाई बन गई है।
रात में सफर करना हुआ मुश्किल
स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के मौसम में यह स्थिति और अधिक खतरनाक हो जाती है। विशेषकर रात्रि के समय इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बना रहता है। अंधेरे में खाई नजर न आने से बड़ा हादसा हो सकता है।

ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि डंगे के किनारों की शीघ्र भराई और सुरक्षा रेलिंग लगाकर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी संभावित हादसे को रोका जा सके।






