Home » Uncategorized » सुशील ठाकुर ने दाड़लाघाट से शिमला विधानसभा तक 41 किलोमीटर की लंबी दौड़ की 4 घण्टे 48 मिनट में पूरी

सुशील ठाकुर ने दाड़लाघाट से शिमला विधानसभा तक 41 किलोमीटर की लंबी दौड़ की 4 घण्टे 48 मिनट में पूरी

Share:

दाड़लाघाट:-दाड़लाघाट क्षेत्र के मांगू गांव निवासी सुशील ठाकुर ने दाड़लाघाट से शिमला विधानसभा तक करीब 41 किलोमीटर की लंबी दौड़ पूरी कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। पेशे से इंजीनियर और प्रोफेशनल लॉन्ग-डिस्टेंस रनर सुशील ठाकुर ने यह चुनौतीपूर्ण दौड़ 4 घंटे 48 मिनट में पूरी की। सुशील ठाकुर पिछले करीब आठ वर्षों से नियमित रूप से रनिंग कर रहे हैं। उन्हें अक्सर

दाड़लाघाट की सड़कों पर लंबी दूरी की दौड़ का अभ्यास करते हुए देखा जा सकता है। पहाड़ी क्षेत्र की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने इस दौड़ के दौरान कुल 1,188 मीटर की ऊंचाई हासिल की। दाड़लाघाट से शिमला तक लगातार चढ़ाई और कठिन पहाड़ी रास्तों के बीच इस दूरी को तय करना उनकी फिटनेस, अनुशासन और दृढ़ इच्छाशक्ति को दर्शाता है। सुशील ठाकुर अब तक चंडीगढ़, दिल्ली, कांगड़ा, शिमला और पंजाब सहित विभिन्न स्थानों पर आयोजित रनिंग प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले चुके हैं। लंबे समय तक नियमित अभ्यास और विभिन्न

प्रतियोगिताओं में भागीदारी ने उन्हें लॉन्ग-डिस्टेंस रनिंग के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाने में मदद की है। उनका अगला लक्ष्य 30 अगस्त को भारतीय सेना द्वारा आयोजित स्पीति मैराथन में हिस्सा लेना है। इसके लिए वह इन दिनों कड़ी मेहनत और नियमित अभ्यास कर रहे हैं। सुशील ठाकुर युवाओं को नशे से दूर रहने और खेल के जुनून को अपनाने का संदेश देते हैं। उनका कहना है कि खेल और नियमित व्यायाम व्यक्ति को शारीरिक रूप से स्वस्थ रखने के साथ-साथ मानसिक रूप से भी मजबूत बनाते हैं। वह स्वयं लंबी दूरी की दौड़ के माध्यम से स्वस्थ और सकारात्मक जीवनशैली का संदेश दे रहे हैं तथा क्षेत्र के युवाओं को खेलों से जुड़ने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। दाड़लाघाट की सड़कों से शुरू हुआ सुशील ठाकुर का रनिंग का सफर अब हिमालय की ऊंचाइयों तक पहुंच रहा है। उनकी यह उपलब्धि क्षेत्र के लिए गर्व और युवाओं के लिए प्रेरणा का विषय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *