अर्की:-
अर्की, सोलन। अर्की विधानसभा क्षेत्र के विधायक संजय अवस्थी ने ग्राम पंचायत जमरोटी के गांव चुनाड़ तथा ग्राम पंचायत ग्याणा में एच.पी. शिवा परियोजना के अंतर्गत प्रथम चरण के पौधारोपण अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर विधायक ने अमरूद के पौधे रोपित किए तथा किसानों को आधुनिक एवं वैज्ञानिक बागवानी अपनाकर अपनी आय के स्थायी स्रोत विकसित करने का संदेश दिया।

इस अवसर पर विधायक संजय अवस्थी ने कहा कि किसानों एवं बागवानों की आय में वृद्धि तथा ग्रामीण क्षेत्रों का समग्र विकास प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि एच.पी. शिवा परियोजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में आधुनिक बागवानी तकनीकों को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे किसानों को परंपरागत खेती के साथ-साथ बागवानी के माध्यम से अतिरिक्त एवं स्थायी आय के अवसर प्राप्त हो सकें।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और किसानों को आधुनिक बागवानी से जोड़ने के उद्देश्य से एच.पी. शिवा परियोजना के अंतर्गत विभिन्न क्लस्टर विकसित किए जा रहे हैं। जिला सोलन में कुल 12 क्लस्टर विकसित किए जा रहे हैं, जिनमें से 7 क्लस्टर अर्की विधानसभा क्षेत्र में स्थापित किए जा रहे हैं। इन क्लस्टरों के माध्यम से किसानों को संगठित रूप से बागवानी गतिविधियों से जोड़ा जा रहा है।
विधायक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परियोजना के अंतर्गत अधिक से अधिक इच्छुक किसानों को जोड़ा जाए तथा क्लस्टर से जुड़ी ग्राम पंचायतों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसानों को नई एवं आधुनिक बागवानी तकनीकों की जानकारी उपलब्ध करवाने के साथ-साथ पौधों की देखभाल एवं प्रबंधन के लिए निरंतर मार्गदर्शन दिया जाना चाहिए, ताकि परियोजना का वास्तविक लाभ किसानों तक पहुंच सके।
चुनाड़ क्लस्टर में लगभग 10 हेक्टेयर भूमि पर 6,000 पौधे तथा ग्याणा क्लस्टर में लगभग 3.5 हेक्टेयर भूमि पर Jaarvi Red, श्वेता, हिसार सफेदा अमरूद की उच्च घनत्व वाली प्रजातियों के 3,650 पौधे रोपित किए जा रहे हैं। इन दोनों क्लस्टरों के विकास पर लगभग 2 करोड़ रुपये की राशि व्यय की जा रही है।
एच.पी. शिवा परियोजना के अंतर्गत इन क्लस्टरों में उठाऊ सिंचाई योजना, ड्रिप सिंचाई प्रणाली, सौर ऊर्जा आधारित सुविधाएं, बाड़बंदी तथा पौधारोपण सहित विभिन्न विकासात्मक कार्य किए जाएंगे। परियोजना की इन गतिविधियों से लगभग 100 किसान परिवार सीधे लाभान्वित होंगे। इन सुविधाओं से किसानों को सिंचाई की बेहतर व्यवस्था उपलब्ध होने के साथ-साथ आधुनिक एवं उच्च घनत्व वाली बागवानी को बढ़ावा मिलेगा।
विधायक ने इस अवसर पर स्थानीय लोगों एवं किसानों की समस्याएं भी सुनीं तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को उनके शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य विकासात्मक योजनाओं को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू करना तथा किसानों एवं ग्रामीणों को योजनाओं का अधिकतम लाभ उपलब्ध करवाना है।
इस अवसर पर प्रबंधन विशेषज्ञ डॉ. पूनम कैरो ने मुख्य अतिथि विधायक संजय अवस्थी का स्वागत किया तथा एच.पी. शिवा परियोजना के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों एवं संबंधित क्लस्टर के विकास की जानकारी प्रदान की। जिला समन्वयक डॉ. देवेंद्र अत्री ने भी विधायक का औपचारिक स्वागत किया तथा परियोजना के समन्वय में सहयोग दिया। जिला समन्वयक CHPMA भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। पवन शर्मा (HEO) तथा श्रीमती संतोष (HEO) ने बागवानी गतिविधियों के संचालन में सक्रिय भूमिका निभाई।
बागवानी विभाग के विषय वस्तु विशेषज्ञ, कुनिहार डॉ. रितेश शर्मा ने संबंधित क्लस्टर में एच.पी. शिवा परियोजना के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।
उपनिदेशक बागवानी विभाग डॉ. शिवाली ठाकुर ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया तथा एच.पी. शिवा परियोजना के अंतर्गत क्लस्टर में किए जा रहे कार्यों और पौधारोपण अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों, पंचायत प्रतिनिधियों एवं स्थानीय किसानों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर पंचायत समिति सदस्य कमलेश शर्मा, ग्राम पंचायत जमरोटी की प्रधान रमा बंसल, ग्राम पंचायत ग्याणा के प्रधान संतोष, ग्राम पंचायत जमरोटी के उपप्रधान ईश्वर दत शर्मा,प्रधान रमा बंसल, उप-प्रधान ईश्वर दत्त शर्मा, पूर्व प्रधान व क्लस्टर के प्रधान योगेश गौतम, उप-प्रधान सुरेश, वार्ड सदस्य रमेश, गोविंद सिंह, किरण, चंपा, नीलम व बीडीसी सदस्य कमलेश शर्मा, ग्राम पंचायत भूमती की प्रधान शकुंतला ठाकुर, उप-प्रधान विनय शर्मा व अन्य, बागवानी उप-निदेशक अंजिला ठाकुर, डीएफओ कुनिहार राज कुमार, बीडीओ कुनिहार व अन्य गणमान्य लोग एवं बड़ी संख्या में स्थानीय किसान व ग्रामीण उपस्थित रहे।






