दाड़लाघाट:-ग्राम पंचायत दाड़लाघाट की ओर से पंचायत सभागार में दाड़लाघाट के नौणी निवासी 10 वर्षीय आस्था ठाकुर को सम्मानित किया गया। ग्राम पंचायत प्रधान श्याम सिंह चौधरी, उपप्रधान हेमराज गौतम, पंचायत समिति सदस्य संगीता सोनी सहित समस्त पंचायत प्रतिनिधियों ने आस्था को सम्मानित कर उसकी उपलब्धि पर बधाई दी। आस्था ठाकुर ने अपनी कम उम्र में दाड़लाघाट से शिमला तक कठिन और चढ़ाई भरी दूरी दौड़कर पूरी कर अपनी अद्भुत शारीरिक क्षमता, दृढ़ इच्छाशक्ति और अनुशासन का परिचय दिया है। उसकी इस उपलब्धि की क्षेत्र में सराहना हो रही है। इससे पहले आस्था को पुलिस मुख्यालय शिमला में 
डीजीपी अशोक तिवारी ने भी उसकी उपलब्धि के लिए सम्मानित किया। आस्था की उपलब्धि बच्चों और युवाओं के लिए प्रेरणादायक है तथा यह संदेश देती है कि कड़ी मेहनत, लगन और आत्मविश्वास से कठिन लक्ष्य भी हासिल किए जा सकते हैं। पंचायत प्रतिनिधियों ने आस्था और उसके परिवार को बधाई देते हुए कहा कि ऐसी उपलब्धियां क्षेत्र के लिए गौरव की बात हैं। उन्होंने आस्था के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर पंचायत सचिव धनी राम, सह सचिव मीरा, पंचायत चौकीदार पवन शर्मा सहित पंचायत प्रतिनिधि मौजूद रहे।






