दाड़लाघाट। प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड सेवानिवृत्त एसोसिएशन दाड़लाघाट एवं नम्होल इकाई की मासिक बैठक निकु राम चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में सेवानिवृत्त कर्मचारियों से जुड़ी विभिन्न मांगों और समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। अध्यक्ष प्रेम केशव ने बताया कि एसोसिएशन ने वर्ष 2016 से 2022 तक के संशोधित वेतनमान का एरियर एकमुश्त जारी करने तथा सेवानिवृत्त कर्मचारियों को देय 15 प्रतिशत महंगाई भत्ते की अदायगी जल्द करने की मांग उठाई। इसके अलावा चिकित्सा बिलों की लंबित अदायगी और अन्य वित्तीय देनदारियों का भुगतान करने की भी मांग की गई। एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रेम केशव ने कहा कि 1990 के दशक में प्रदेश में शत-प्रतिशत विद्युतीकरण में


महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले बिजली बोर्ड के कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति के बाद भी उनके जायज वित्तीय लाभ नहीं मिलना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि बिजली बोर्ड में कुछ ऐसे कर्मचारी भी हैं, जिन्होंने 20 वर्ष से अधिक समय तक सेवाएं दीं, लेकिन सर्विस रिकॉर्ड उपलब्ध न होने के कारण आज तक उनकी पेंशन संबंधी प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाई है। ऐसे कर्मचारी लंबे समय से परेशानी झेल रहे हैं। उन्होंने बिजली बोर्ड प्रबंधन से इन मामलों को गंभीरता से लेते हुए लंबित प्रकरणों का जल्द निपटारा करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों के चिकित्सा बिलों की अदायगी न होने से भी उन्हें आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बैठक में ग्राम पंचायत रौड़ी और दाड़लाघाट के अंतर्गत बन रही तथा बनी एंबुलेंस सड़कों के निर्माण एवं मरम्मत का मुद्दा भी उठाया गया। सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने कहा कि इन सड़कों से संबंधित अनुमान पिछले करीब दो वर्षों से लंबित पड़े हैं और उन पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो पा रही है। उन्होंने कहा कि विधायक द्वारा भी विभागीय अधिकारियों के संज्ञान में लोगों की समस्या लाए जाने के बावजूद समस्या का समाधान न होना चिंता का विषय है। बैठक में दाड़लाघाट और नम्होल उपमंडल के सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने भाग लिया। अध्यक्ष प्रेम केशव ने सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों से आग्रह किया कि वे एसोसिएशन की मासिक बैठकों में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेना सुनिश्चित करें, ताकि कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाया जा सके। बैठक में सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने समाज में बढ़ती नशे की समस्या पर भी चिंता जताई। उन्होंने सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों से युवा पीढ़ी को नशे से दूर रहने के लिए जागरूक करने का आह्वान किया, ताकि समाज में बढ़ रही नशे से जुड़ी समस्याओं और बीमारियों पर समय रहते अंकुश लगाया जा सके। इस अवसर पर कमल ठाकुर, बद्री दास ठाकुर, निकु राम चौधरी, रोशन लाल, जगदीश, बाबूराम, कुलदीप सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।






