ब्रह्माकुमारी संस्था के तत्वावधान में लक्ष्य कॉन्वेंट स्कूल, मंज्यात तथा लक्ष्य इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन, अर्की में नशा मुक्ति जागरूकता एवं शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करना था।

इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी संस्था की बहन सुमन ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए नशे के दुष्प्रभावों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए घातक है तथा इससे बचने के लिए आत्मसंयम, नैतिक मूल्यों और आध्यात्मिक जागरूकता का होना आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने और समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में लक्ष्य इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन के प्रधानाचार्य डॉ. पी. एल. गुप्ता, लक्ष्य कॉन्वेंट स्कूल की प्रधानाचार्या डॉ. कुसुम गुप्ता, विद्यालय एवं बी.एड. स्टाफ तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने नशा मुक्ति की शपथ लेते हुए यह संकल्प लिया कि वे किसी भी प्रकार के नशे का सेवन नहीं करेंगे तथा अपने परिवार और समाज को भी इसके प्रति जागरूक करेंगे।

उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों ने युवाओं में सकारात्मक सोच और स्वस्थ जीवन शैली को बढ़ावा देने के लिए ब्रह्माकुमारी संस्था के प्रयासों की सराहना की।
अंत में डॉ. कुसुम गुप्ता ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत करते हुए बहन सुमन, ब्रह्माकुमारी संस्था, समस्त स्टाफ एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन नशामुक्त और जागरूक समाज के निर्माण के संकल्प के साथ हुआ।






