चंडी (सोलन) पवन सिंघ
राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चंडी में 80वां स्वतंत्रता दिवस बड़े हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य राकेश कुमार सामा ने की, जबकि एसएमसी अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार सहोता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में कैप्टन जगदीश चंद्र वर्मा तथा राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित सेवानिवृत्त एसएचओ
लच्छमण ठाकुर शामिल रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा ध्वजारोहण एवं एनएसएस परेड की सलामी लेकर किया गया। इस अवसर पर सभी अतिथियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने देश की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही सीमा पर देश की रक्षा में तैनात सैनिकों के योगदान को भी याद किया गया। विद्यालय परिवार ने स्थानीय स्वतंत्रता सेनानियों तथा कारगिल युद्ध में शहीद हुए विद्यालय के पूर्व छात्र शहीद प्रदीप और शहीद धर्मेंद्र को श्रद्धा सुमन अर्पित कर उनके बलिदान को नमन किया। विद्यार्थियों ने भाषण, देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से
देशभक्ति का संदेश दिया। वहीं एक प्रभावशाली लघु नाटिका के जरिए युवाओं को नशे से दूर रहने की प्रेरणा दी गई। विशिष्ट अतिथि लच्छमण ठाकुर ने उपस्थित विद्यार्थियों और अभिभावकों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई। मुख्य अतिथि वीरेंद्र कुमार सहोता ने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ नशे से दूर रहने, गुरुजनों एवं बड़ों का सम्मान करने तथा अच्छे नागरिक बनने का संदेश दिया। प्रधानाचार्य राकेश कुमार सामा ने विद्यार्थियों से अपनी प्रतिभाओं को निखारने, ईमानदारी से अध्ययन करने और अधिकारों के साथ-साथ अपने कर्तव्यों का भी पालन करने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन शोभा शर्मा और नरेश ठाकुर ने किया। रिद्धिमा अंजलि ने स्वतंत्रता दिवस पर प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत किया। तनीषा, गुंजन, आशीष, पवन, प्रियांशी, अंजलि, प्रिया, गीतांशी, अक्षित एवं अन्य विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य, अभिभावकगण, शिक्षक एवं विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।






