Home » Uncategorized » लक्ष्य इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन, मंज्याट एवं लक्ष्य कॉन्वेंट स्कूल में एंटी-चिट्टा अभियान के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

लक्ष्य इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन, मंज्याट एवं लक्ष्य कॉन्वेंट स्कूल में एंटी-चिट्टा अभियान के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

Share:

हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे एंटी-चिट्टा अभियान के तहत लक्ष्य इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन, मंज्याट एवं लक्ष्य कॉन्वेंट स्कूल के संयुक्त तत्वावधान में एंटी-चिट्टा अभियान के अंतर्गत एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराना तथा नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना था। इस अवसर पर तहसीलदार अर्की विपिन ठाकुर मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में विपिन ठाकुर ने युवाओं में बढ़ रही नशे की प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि चिट्टा एवं अन्य मादक पदार्थ समाज के लिए गंभीर चुनौती बन चुके हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने तथा समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। उन्होंने नशे के सेवन एवं मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े कानूनी प्रावधानों एवं दुष्परिणामों की भी जानकारी दी तथा विद्यार्थियों को स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर डॉ. पी. एल. गुप्ता प्रधानाचार्य, लक्ष्य इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन तथा डॉ. कुसुम गुप्ता प्रधानाचार्य, लक्ष्य कॉन्वेंट स्कूल ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया और नशे के खिलाफ चलाए जा रहे प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम में लक्ष्य इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन एवं लक्ष्य कॉन्वेंट स्कूल के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यालय एवं महाविद्यालय के समस्त स्टाफ सदस्य भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों एवं स्टाफ ने नशा मुक्त समाज के निर्माण हेतु संकल्प लिया तथा एंटी-चिट्टा अभियान को सफल बनाने में अपना योगदान देने की शपथ ली। यह कार्यक्रम सभी प्रतिभागियों के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक सिद्ध हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *