अर्की। ग्राम पंचायत मनलोग कलां, खंड नालागढ़, विधानसभा क्षेत्र अर्की के जनप्रतिनिधिमंडल ने वरिष्ठ पत्रकार एवं दो बार के पूर्व प्रधान गीता राम कौशल की अध्यक्षता में शहरी विकास एवं लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह से प्रदेश सचिवालय में मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने जेई, एसई मान और जयनगर क्षेत्र की बदहाल सड़कों की समस्या मंत्री के समक्ष प्रमुखता से रखी और इनके शीघ्र सुधार की मांग की। मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने
प्रतिनिधिमंडल की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए अर्की के अधिशासी अभियंता से सड़क व्यवस्था को लेकर फीडबैक लिया। इसके बाद उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रतिनिधिमंडल को मामले को आगे बढ़ाने के लिए प्रमुख अभियंता से मिलने हेतु निर्माण भवन भेजा।प्रतिनिधिमंडल में वरिष्ठ नागरिक संत राम ठाकुर, जिला परिषद सदस्य सतीश कुमार, ग्राम पंचायत मनलोग कलां के उपप्रधान सूबेदार महेंद्र सिंह तथा ग्राम पंचायत
लग के गांव सून से मोहन पंवर मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि मंत्री के निर्देशों के बाद क्षेत्र की बदहाल सड़कों के सुधार को लेकर जल्द ठोस कार्रवाई होगी।






