दाड़लाघाट। राजकीय महाविद्यालय दाड़लाघाट में विद्यार्थियों को नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल के माध्यम से मिलने वाली विभिन्न छात्रवृत्तियों के संबंध में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों को उपलब्ध छात्रवृत्ति
योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया से अवगत करवाना रहा। स्कॉलरशिप प्रभारी डॉ. भावना आजाद ने विद्यार्थियों को विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति फॉर्म ऑनलाइन भरने की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों तथा आवेदन के दौरान बरती जाने वाली
सावधानियों के बारे में भी बताया। महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. रुचि रमेश ने कहा कि उच्चतर शिक्षा के दौरान विद्यार्थियों को आर्थिक कठिनाइयों का सामना न करना पड़े, इसके लिए सरकार की ओर से विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने तथा समय पर आवेदन करने का आह्वान किया। कार्यशाला में विद्यार्थियों ने छात्रवृत्ति से संबंधित अपनी शंकाओं और सवालों के बारे में जानकारी प्राप्त की।
प्रियंका, मानसी, तनीषा, सूजल और करिश्मा ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि यह कार्यशाला उनके लिए बेहद उपयोगी और सहायक सिद्ध हुई। उन्होंने कहा कि कार्यशाला के माध्यम से उन्हें छात्रवृत्ति आवेदन की प्रक्रिया को समझने में काफी मदद मिली।






