दाड़लाघाट। डी.ए.वी. अंबुजा विद्या निकेतन पब्लिक स्कूल दाड़लाघाट में ब्रह्माकुमारीज़ के सहयोग से नशा मुक्ति जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें स्वस्थ, जिम्मेदार और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए
प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को आत्म-अनुशासन, आत्मबल, सकारात्मक सोच और नशामुक्त जीवन के महत्व के बारे में जानकारी दी गई।
ब्रह्माकुमारीज़ के प्रतिनिधियों ने प्रेरणादायक संवाद के माध्यम से विद्यार्थियों को नशीले पदार्थों से दूर रहने का संदेश दिया। साथ ही विद्यार्थियों को समाज में नशामुक्ति के संदेश के वाहक बनने के लिए भी प्रेरित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य नसीब ठाकुर ने कहा कि सुरक्षित, स्वस्थ और सकारात्मक वातावरण का निर्माण सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे जैसी बुराइयों से दूर रहते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और मजबूत एवं नशामुक्त 
समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों में नशे के प्रति जागरूकता के साथ-साथ जिम्मेदारी की भावना को भी मजबूत किया गया। विद्यार्थियों को जीवन में नकारात्मक आदतों से दूर रहकर सकारात्मक विकल्प चुनने का संदेश दिया गया।






