Home » Uncategorized » बी. एल. स्कूल कुनिहार में एनसीसी कैडेट्स का एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित

बी. एल. स्कूल कुनिहार में एनसीसी कैडेट्स का एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित

Share:

कुनिहार
बी. एल. सेंट्रल पब्लिक वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुनिहार में गुरुवार को एनसीसी कैडेट्स के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य कैडेट्स में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास तथा देश सेवा की भावना को मजबूत करना रहा।
विद्यालय के एनसीसी अधिकारी (एएनओ) अमर देव ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रथम छात्र वाहिनी एनसीसी सोलन के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल राजीव थॉमस के मार्गदर्शन में विद्यालय में एनसीसी कैडेट्स के लिए इस विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण के दौरान प्रथम छात्र वाहिनी एनसीसी सोलन से पहुंचे हवलदार पूर्ण चंद ने कैडेट्स को विभिन्न सैन्य गतिविधियों का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया।
प्रशिक्षण के दौरान कैडेट्स को ड्रिल, परेड, हथियार संबंधी प्रारंभिक जानकारी एवं प्रशिक्षण, सावधान तथा विश्राम की स्थिति, अनुशासन और सामूहिक रूप से कार्य करने जैसी महत्वपूर्ण गतिविधियों से अवगत करवाया गया। कैडेट्स ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ प्रशिक्षण में भाग लिया। प्रशिक्षक द्वारा उन्हें परेड एवं ड्रिल की बारीकियों को समझाते हुए सही तरीके से अभ्यास करवाया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के अध्यक्ष गोपाल शर्मा ने एनसीसी कैडेट्स द्वारा प्रशिक्षण के दौरान प्रदर्शित अनुशासन, उत्साह और लगन की सराहना की। उन्होंने कहा कि एनसीसी विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है तथा उनमें नेतृत्व, अनुशासन, साहस और राष्ट्र सेवा की भावना विकसित करती है।
विद्यालय अध्यक्ष ने इस सफल आयोजन के लिए एएनओ अमर देव तथा एनसीसी कैडेट्स को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भविष्य में भी विद्यार्थियों के लिए इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने पर बल दिया। कार्यक्रम के अंत में सभी कैडेट्स ने प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान एवं अनुभव को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *