अर्की। लक्ष्य पब्लिक स्कूल अर्की में शिक्षक दिवस धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रबंध निदेशक आकाश गुप्ता ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की, जबकि प्रधानाचार्य वीना गुप्ता ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके बाद विद्यार्थियों ने शिक्षकों के सम्मान में भाषण, कविताएं, गीत, नृत्य एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों के प्रति सम्मान, प्रेम और कृतज्ञता
व्यक्त करते हुए शिक्षक दिवस के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
इस अवसर पर प्रबंध निदेशक आकाश गुप्ता ने कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि उन्हें जीवन में सही मार्ग चुनने, संस्कारवान बनने और अपने लक्ष्य को प्राप्त करने की प्रेरणा भी देते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षकों के बताए मार्ग पर चलने तथा शिक्षा के साथ अच्छे संस्कारों को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।
प्रधानाचार्य वीना गुप्ता ने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्यार्थियों की सफलता ही शिक्षक के लिए सबसे बड़ा सम्मान है। उन्होंने कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने शिक्षकों के लिए विभिन्न मनोरंजक गतिविधियां भी आयोजित कीं। विद्यालय परिसर में पूरे दिन उत्सव जैसा माहौल रहा। अंत में विद्यालय प्रबंधन ने सभी शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आभार व्यक्त किया।






