कुनिहार
गुरुकुल इंटरनेशनल स्कूल, कुनिहार में आज चौथा सविता गर्ग वार्षिक समारोह – ‘अप्लॉम्ब टैलेंट’ बड़े उत्साह और उमंग के साथ आयोजित किया गया। समारोह में चार विद्यालयों के विद्यार्थियों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और सामाजिक जागरूकता का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में जवाहर नवोदय विद्यालय, कुनिहार, साई ब्लाइट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, धर्मपुर, लक्ष्य कॉन्वेंट स्कूल, मंझ्याट तथा राजकीय उच्च वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कुनिहार के विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सरबजीत सिंह बॉबी, प्रसिद्ध समाजसेवी एवं मानवतावादी, द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात विद्यार्थियों द्वारा सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई और विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
प्रतियोगिताओं में स्टोरी टेलिंग, क्ले मोल्डिंग, ‘मिस्ट्री मिशन – फाइंडिंग सॉल्यूशन’, ‘इको ग्लैम – मेकिंग ड्रेस फ्रॉम न्यूजपेपर’ तथा ‘पावर टू चेंज – इफ आई वाज़ इन पावर, व्हाट विल आई डू टू मेक हिमाचल ड्रग-फ्री’ प्रमुख रहे।
‘इको ग्लैम’ प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने समाचार-पत्रों से आकर्षक एवं रचनात्मक परिधान तैयार किए। विद्यार्थियों की कल्पनाशीलता और मेहनत ने सभी को प्रभावित किया। वहीं ‘पावर टू चेंज’ प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने हिमाचल प्रदेश को नशामुक्त बनाने के लिए अपने विचार एवं समाधान प्रस्तुत किए।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि सरबजीत सिंह बॉबी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रतिभा को केवल मंच तक सीमित न रखते हुए उसका उपयोग समाज के हित में करना चाहिए। युवाओं में सकारात्मक सोच, संवेदनशीलता और दूसरों की मदद करने की भावना विकसित होना आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए आगे आने का संदेश दिया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या अलका भारद्वाज ने कहा कि ‘अ प्लॉम्ब टैलेंट’ विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा पहचानने और उसे मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर प्रदान करता है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मकता, आत्मविश्वास, समस्या-समाधान की क्षमता तथा सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।
विद्यालय के निदेशकों समीर गर्ग एवं सुश्री अदिति गर्ग ने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों एवं विद्यालयों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसी गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं और उन्हें शिक्षा के साथ-साथ रचनात्मक एवं सामाजिक गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करती हैं।
समारोह के दौरान मुख्य अतिथि सरबजीत सिंह बॉबी को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को मेडल, ट्रॉफी एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए साई ब्लाइट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, धर्मपुर ने रोलिंग ट्रॉफी अपने नाम की।
समारोह के अंत में विद्यालय प्रबंधन ने मुख्य अतिथि, सभी प्रतिभागी विद्यालयों, विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं निर्णायकों का आभार व्यक्त किया। ‘अप्लॉम्ब टैलेंट’ ने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ पर्यावरण एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर सोचने का सार्थक मंच प्रदान किया।






