कुनिहार
राजीव गांधी जिला पंचायती राज अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कुनिहार क्षेत्र में करवाए जा रहे विभिन्न विकास कार्यों और स्वीकृतियों की जानकारी देते हुए कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। कई महत्वपूर्ण योजनाओं पर कार्य शुरू हो चुका है, जबकि विभिन्न विकास कार्यों के लिए राशि स्वीकृत करवाई गई है। राकेश ठाकुर ने बताया कि अस्पताल निर्माण के लिए करीब दस बीघा भूमि विभाग के नाम की जा चुकी है। उपतहसील कार्यालय का कार्य प्रगति पर है। सीबीएसई स्कूल के लिए नया स्टाफ उपलब्ध करवाया गया है। कुनिहार पीडब्ल्यूडी के तहत करीब 125 किलोमीटर क्षेत्र को दीगल सेक्शन को उप मंडल कुनिहार में जोड़ा गया है।

उन्होंने बताया कि राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल के लिए दो करोड़ रुपये स्वीकृत करवाए गए हैं। बानी, हरड़ी रोड और दोची सड़क को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत शामिल कर राशि स्वीकृत करवाई गई है। पेट्रोल पंप से कोठी चौक तक सड़क चौड़ीकरण के लिए 23 लाख रुपये मंजूर हुए हैं।
पुराने बस अड्डे की वर्षाशालिका के लिए पांच लाख रुपये और राधास्वामी तालाब के समीप सड़क के उन्नयन के लिए 20 लाख रुपये स्वीकृत करवाए गए हैं। तालाब-बहली सड़क पर अब तक 70 लाख रुपये खर्च किए जा चुके हैं। कुनिहार-अर्की सड़क पर चौड़ीकरण एवं चौक निर्माण कार्य के लिए भी पांच लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने बताया कि वडोर घाटी से टुकाड़ी सड़क को कुनिहार सब डिवीजन कुनिहार में शामिल किया गया है। विभिन्न गांवों के लिए पेयजल पाइप लाइनें उपलब्ध करवाने के लिए 30 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। खंड विकास कार्यालय में हिमेरा कैंटीन का निर्माण 10 लाख रुपये की लागत से करवाया गया है।राकेश ठाकुर के अनुसार नगर पंचायत कुनिहार को विभिन्न विकासात्मक कार्यों के लिए 2.50 करोड़ रुपये उपलब्ध करवाए गए हैं। इस राशि से नगर पंचायत क्षेत्र में सोलर लाइटें लगाने, बेंच स्थापित करने और घर-घर से कूड़ा एकत्र करने जैसी सुविधाओं को बेहतर किया जा रहा है। नगर पंचायत की ओर से 200 स्ट्रीट लाइटें लगाई गई हैं। सफाई व्यवस्था प्रभावी तरीके से चल रही है और क्षेत्र में फॉगिंग भी करवाई जा रही है। कुनिहार के सौंदर्यीकरण के लिए भी राशि स्वीकृत करवाने के प्रयास जारी हैं।
राकेश ठाकुर ने कहा कि विकास कार्यों को लेकर सरकार और विभागों के स्तर पर लगातार काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विकास के मुद्दे पर बयानबाजी करने वालों को धरातल की वास्तविक स्थिति की जानकारी होनी चाहिए। घातक बयानबाजी करने के बजाय लोगों को क्षेत्र में हुए विकास कार्यों की वास्तविकता से अवगत करवाना चाहिए।उन्होंने प्रदेश के लोकप्रिय मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुखू व विधायक संजय अवस्थी का कुनिहार क्षेत्र के विकासात्मक कार्यो के लिए दिए गए सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया ।
इस मौके पर बीडीसी सदस्य जगदीश ठाकुर, सूर्यकांत जोशी, ज्ञान जोशी, अनिल तनवर, कृष्ण चंद,राजेंद्र शर्मा,विनोद,रामराज,बलदेवराज, विनोद वेंस, संतोष सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।






