अर्की :-
गुरुकुल इंटरनेशनल स्कूल, कुनिहार में आयोजित चौथे श्रीमती सविता गर्ग मेमोरियल इवेंट ‘एप्लॉम्ब टैलेंट 2026’ में लक्षय कॉन्वेंट स्कूल, मंज्याट के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विभिन्न प्रतियोगिताओं में चार महत्वपूर्ण स्थान हासिल किए।
अंतरविद्यालयी प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता, आत्मविश्वास, समस्या-समाधान क्षमता और संचार कौशल प्रदर्शित करने के लिए मंच प्रदान करना था। प्रतियोगिता में लक्षय कॉन्वेंट स्कूल के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का बेहतरीन प्रदर्शन किया।
मिस्ट्री मिशन–क्ले मोल्डिंग प्रतियोगिता में कक्षा छठी के कर्मण्य और गर्विश ने प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं स्टोरी टेलिंग चैलेंज में कक्षा पांचवीं की तन्वी और शुभा ने प्रभावशाली कहानी प्रस्तुति के दम पर द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
वरिष्ठ वर्ग की पावर टू चेंज–पीपीटी प्रेजेंटेशन प्रतियोगिता में कक्षा दसवीं के खुशी और भास्कर ने हिमाचल प्रदेश को नशामुक्त बनाने को लेकर व्यावहारिक एवं प्रभावी विचार प्रस्तुत करते हुए तृतीय स्थान हासिल किया। इसके अलावा इको ग्लैम प्रतियोगिता में कक्षा नौवीं की गार्गी व मनस्वी तथा कक्षा आठवीं की कल्पिता ने उत्कृष्ट टीमवर्क और रचनात्मकता का प्रदर्शन करते हुए तृतीय स्थान प्राप्त किया।
विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर विद्यालय प्रबंधन और प्रधानाचार्या ने विजेता एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होंने प्रतियोगिता की तैयारी में मार्गदर्शन एवं सहयोग देने वाले शिक्षकों के प्रयासों की भी सराहना की। विद्यालय परिवार ने विद्यार्थियों को भविष्य में भी इसी तरह विभिन्न मंचों पर प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए उत्कृष्टता की ओर बढ़ने के लिए प्रेरित किया।






