कुनिहार
भारतीय राज्य पेंशनर संघ जयनगर इकाई की बैठक इकाई के अध्यक्ष सोहनलाल ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में इकाई के सभी वरिष्ठ पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

बैठक में गत 1 सितंबर को शिमला में प्रदेश संयुक्त संघर्ष समिति द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय धरना-प्रदर्शन में जयनगर इकाई से शामिल हुए सभी पेंशनर साथियों का आभार व्यक्त किया गया।
बैठक में वक्ताओं ने प्रदेश सरकार द्वारा संयुक्त संघर्ष समिति के नेताओं को वार्ता के लिए न बुलाए जाने पर भारी रोष व्यक्त किया। वक्ताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा 67 वर्ष से अधिक आयु के पेंशनरों की सभी बकाया राशि का भुगतान किए जाने संबंधी दिया गया बयान तथ्यों से परे है। उन्होंने कहा कि इस श्रेणी के पेंशनरों को केवल मूल पेंशन की बकाया राशि का ही भुगतान हुआ है, जबकि लीव एनकैशमेंट, ग्रेच्युटी तथा अन्य देय भत्तों की राशि अभी भी लंबित है।
वक्ताओं ने प्रदेश सरकार से मांग की कि प्रदेश के सभी पेंशनरों की करोड़ों रुपये की लंबित बकाया राशि का शीघ्र भुगतान किया जाए। साथ ही 15 प्रतिशत महंगाई राहत (डीआर) की लंबित किस्तों का भी एकमुश्त भुगतान सुनिश्चित किया जाए।
वक्ताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि प्रदेश सरकार समय पर पेंशनरों की देनदारियों का भुगतान नहीं करती है, तो प्रदेश संयुक्त संघर्ष समिति द्वारा आगामी संघर्ष के लिए जो भी निर्णय लिया जाएगा, उसमें जयनगर इकाई के सभी पेंशनर पूर्ण रूप से अपनी भागीदारी सुनिश्चित करेंगे।
इस अवसर पर विद्यासागर, रामलाल, जगत राम, रतीराम, हरिदास, गोपालचंद, बाबूराम, सोहनलाल, श्याम सिंह, हरदेव महाजन, जीत राम, प्रताप सिंह, रमेश चंद्र सहित अन्य पेंशनर उपस्थित रहे।






