Home » Uncategorized » नंबरदारों की समस्याओं को लेकर महासंघ ने सौंपा ज्ञापन मानदेय समय पर देने समेत विभिन्न मांगें उठाईं

नंबरदारों की समस्याओं को लेकर महासंघ ने सौंपा ज्ञापन मानदेय समय पर देने समेत विभिन्न मांगें उठाईं

Share:

अर्की। हिमाचल प्रदेश नंबरदार जन कल्याण महासंघ की अर्की इकाई की बैठक में नंबरदारों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं एवं मांगों पर चर्चा की गई। बैठक के बाद महासंघ की ओर से प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के समाधान की मांग उठाई गई।
महासंघ ने कहा कि नंबरदार राजस्व विभाग से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों में अपनी सेवाएं देते हैं, लेकिन उन्हें कई स्तरों पर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ज्ञापन में नंबरदारों को राजस्व संबंधी कार्यों, फर्द-जमाबंदी, इंतकाल, निशानदेही व तकसीम आदि की जानकारी समय पर उपलब्ध करवाने की मांग की गई। इसके अलावा लंबित मानदेय का समय पर भुगतान करने तथा नंबरदारों की नियमित हाजिरी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई गई।
महासंघ ने तहसील कार्यालयों में नंबरदारों के बैठने के लिए उचित व्यवस्था करने और सरकारी कार्यक्रमों अथवा आपदा प्रबंधन एवं नशामुक्ति जैसे अभियानों में सेवाएं लेने से पहले संबंधित नंबरदारों को सूचना देने की मांग की। महासंघ ने नंबरदारों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन व राजस्व अधिकारियों के साथ संयुक्त बैठक आयोजित करने का भी आग्रह किया।
ज्ञापन में सरकार की ओर से नंबरदारों के मासिक मानदेय में वृद्धि किए जाने पर आभार जताते हुए इसे समय पर जारी करने की मांग की गई। महासंघ ने उम्मीद जताई कि प्रशासन उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *