दाड़लाघाट। दाड़लाघाट की मौजूदा स्वास्थ्य व्यवस्था को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के रूप में उन्नत करने की मांग को लेकर भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) अर्की एरिया कमेटी ने विधायक संजय अवस्थी को मांगपत्र सौंपा है। पार्टी के सचिव अमर चंद गजपति ने मांगपत्र के माध्यम से दाड़लाघाट में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने और क्षेत्र की जरूरत के अनुरूप चिकित्सीय सेवाएं उपलब्ध करवाने की मांग उठाई है। मांगपत्र में कहा गया है कि दाड़लाघाट अर्की विधानसभा क्षेत्र का महत्वपूर्ण औद्योगिक, व्यावसायिक एवं परिवहन केंद्र है। अर्की क्षेत्र की करीब 25 पंचायतों के लोग
विभिन्न जरूरतों के लिए दाड़लाघाट पर निर्भर हैं। वही बिलासपुर जिले की करीब 20 पंचायतों के लोग भी दाड़लाघाट को बाजार और स्वास्थ्य सुविधाओं के प्रमुख केंद्र के रूप में देखते हैं। ऐसे में यहां की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करना आवश्यक है। सीपीआईएम ने कहा कि वर्तमान में दाड़लाघाट सीएचसी ओर इएसआई में एक डॉक्टर के सहारे रोजाना करीब 100 मरीजों की ओपीडी हो रही है। इसके अतिरिक्त ईएसआई में भी करीब 80 मरीज प्रतिदिन पहुंच रहे हैं। इसके बावजूद दोनों स्वास्थ्य संस्थानों में मरीजों के लिए आवश्यक टेस्ट और एक्स-रे जैसी सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। गंभीर बीमारी, दुर्घटना अथवा आपात स्थिति में मरीजों को अर्की, शिमला या अन्य बड़े अस्पतालों की ओर रेफर करना पड़ता है। मांगपत्र में औद्योगिक एवं परिवहन क्षेत्र होने के कारण दाड़लाघाट में आपातकालीन और दुर्घटना उपचार सुविधाओं को भी मजबूत करने की आवश्यकता जताई गई है। पार्टी ने कहा कि औद्योगिक गतिविधियों, भारी वाहनों की आवाजाही और बड़ी संख्या में लोगों के आवागमन को देखते हुए यहां बेहतर स्वास्थ्य एवं आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था होना जरूरी है। सीपीआईएम ने विधायक से दाड़लाघाट की स्वास्थ्य सुविधा को तत्काल सीएचसी के स्तर तक उन्नत करने, कम से कम पांच या उससे अधिक डॉक्टरों की व्यवस्था करने तथा पर्याप्त स्टाफ नर्स, फार्मासिस्ट, लैब तकनीशियन, रेडियोग्राफर और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों के पद भरने की मांग की है। इसके साथ ही 24 घंटे आपातकालीन चिकित्सा सेवा, प्रसूति एवं मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, पैथोलॉजी, एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड तथा अन्य आवश्यक जांच सुविधाएं उपलब्ध करवाने की मांग रखी गई है। गंभीर मरीजों के लिए 24 घंटे एंबुलेंस एवं प्रभावी रेफरल व्यवस्था के साथ दाड़लाघाट की औद्योगिक एवं परिवहन परिस्थितियों को देखते हुए ट्रॉमा एवं दुर्घटना उपचार सुविधा विकसित करने की संभावनाओं पर भी विचार करने का आग्रह किया गया है। पार्टी ने कहा कि जिस प्रकार कुनिहार क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर स्तर पर विकसित किया गया है, उसी प्रकार दाड़लाघाट को भी भविष्य में मजबूत एवं उच्च स्तरीय स्वास्थ्य केंद्र के रूप में विकसित करने की दीर्घकालीन योजना बनाई जानी चाहिए। मांगपत्र में विधायक संजय अवस्थी से इस मुद्दे को हिमाचल प्रदेश विधानसभा और प्रदेश सरकार के समक्ष प्राथमिकता से उठाने तथा इस दिशा में सरकार द्वारा की जा रही कार्रवाई की जानकारी क्षेत्र की जनता को उपलब्ध करवाने का आग्रह किया गया है। सीपीआईएम ने स्पष्ट किया कि यह मांग किसी राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के उद्देश्य से नहीं, बल्कि दाड़लाघाट और आसपास के लोगों की लंबे समय से चली आ रही स्वास्थ्य संबंधी समस्या के समाधान के लिए उठाई गई है। इस दौरान दाड़लाघाट क्षेत्र से सीपीआईएम के कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।






