दाड़लाघाट। कुनिहार में आयोजित अंडर-19 छात्र कराटे प्रतियोगिता में पीएम श्री राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चंडी (अर्की) की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया। विद्यालय की टीम ने प्रतियोगिता में छह स्वर्ण और एक रजत पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में विद्यालय के नौ खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। टीम का नेतृत्व विद्यालय के कला अध्यापक देवेंद्र कुमार ने किया। चंडी के खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन से चंडी-कशलोग क्षेत्र में खुशी का माहौल है। विद्यालय के प्रधानाचार्य एलआर ठाकुर ने विजेता खिलाड़ियों और टीम प्रभारी को बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों की सफलता का श्रेय उनकी कड़ी मेहनत के साथ-साथ अभिभावकों, विद्यालय प्रबंधन समिति और विद्यालय के ऊर्जावान स्टाफ के सहयोग को दिया। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।






