सोलन पवन सिंघ
बामसेफ एवं बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के संस्थापक और बहुजन नायक मान्यवर साहब श्री कांशीराम जी के महापरिनिर्वाण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को जिला सोलन के उच्च घाट गढासर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम एवं विचार संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम शिमला जोन (मंडी) के तत्वावधान में
आयोजित हुआ, जिसमें पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और बहुजन समाज के लोगों ने कांशीराम जी को श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके विचारों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।कार्यक्रम की अध्यक्षता बसपा के प्रदेश सचिव एवं जिला सोलन अध्यक्ष वीरेंद्र भाटिया ने की, जबकि प्रदेश अध्यक्ष विक्रम सिंह नायर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। प्रदेश प्रभारी कांशीराम जी ने विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शिरकत की।
कार्यक्रम के दौरान संगठन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण घोषणा की गई। डॉ. पी.सी. भारद्वाज को हिमाचल प्रदेश में बसपा का प्रदेश महासचिव नियुक्त किया गया। प्रदेश अध्यक्ष विक्रम सिंह नायर ने उन्हें नियुक्ति पत्र सौंपा। इस अवसर पर उपस्थित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने तालियों के साथ उनका स्वागत किया तथा उम्मीद जताई कि उनके अनुभव और योगदान से प्रदेश में पार्टी संगठन को नई मजबूती मिलेगी। इस मौके पर मंडी जिला अध्यक्ष बलवंत, जिला सोलन के उपाध्यक्ष नागेंद्र जसपाल सहित विधानसभा स्तर के अध्यक्षों, सचिवों, महासचिवों, अन्य पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। वक्ताओं ने मान्यवर कांशीराम जी के विचारों और बहुजन समाज के उत्थान के लिए उनके योगदान को याद किया। कार्यक्रम के समापन पर प्रदेश अध्यक्ष विक्रम सिंह नायर ने कार्यकर्ताओं को संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के दिशा-निर्देश दिए। साथ ही हिमाचल प्रदेश में बहुजन समाज पार्टी की सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प दिलाया






