सोलन: सोलन में नौणी से धारो की धार सड़क पर क्लोड गांव के पास एक चलती कार में अचानक आग लग गई। कार में एक छोटे बच्चे समेत परिवार के सदस्य सवार थे। गनीमत रही कि आग विकराल रूप लेने से पहले ही सभी लोग कार से सुरक्षित बाहर निकल आए। यदि समय रहते वे बाहर नहीं निकलते तो बड़ा हादसा हो सकता था।
जानकारी के अनुसार, कार क्लोड गांव के पास से गुजर रही थी कि अचानक उसमें आग लग गई। कार सवारों ने स्थिति को भांपते हुए तुरंत बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। इसके बाद कार मालिक ने घटना की सूचना पुलिस और अग्निशमन केंद्र को दी।
सूचना मिलने के बाद दमकल कर्मियों के मौके पर पहुंचने से पहले ही आग पूरी कार को अपनी चपेट में ले चुकी थी। देखते ही देखते कार जलकर राख हो गई। घटना में कार को भारी नुकसान पहुंचा, जबकि कार सवारों के सुरक्षित बच निकलने से परिवार ने राहत की सांस ली।






