सिरमौर। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के राजकीय माध्यमिक पाठशाला बाग हाबड़ा में तेंदुए की संभावित आवाजाही के संकेत मिलने से हड़कंप मच गया। स्कूल परिसर की धरातल मंजिल पर पंजों के गहरे निशान और ऊपरी मंजिल के बरामदे की बाहरी दीवारों पर खून के धब्बे मिलने से स्कूल स्टाफ और ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है।
जानकारी के अनुसार, कमरऊ तहसील की ग्राम पंचायत भजौण के अंतर्गत आने वाले इस स्कूल में छुट्टी के बाद जब स्टाफ पहुंचा, तो परिसर में पंजों के निशान और दीवारों पर खून के धब्बे दिखाई दिए। इसके बाद स्कूल स्टाफ ने दीवारों को साफ किया।
विद्यालय प्रभारी चंद्र प्रकाश के अनुसार, परिसर में तेंदुए जैसे पंजों के निशान मिले हैं और बरामदे की बाहरी दीवारों पर भी खून दिखाई दिया। आशंका जताई जा रही है कि तेंदुआ किसी शिकार को स्कूल परिसर में लाया हो या शिकार बना जानवर बचने के प्रयास में दीवार से टकराया हो। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों और तेंदुए की मौजूदगी की अभी पुष्टि नहीं हुई है।
बच्चों की सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता
क्षेत्र में तेंदुए की संभावित गतिविधियों को लेकर ग्रामीण पहले से चिंतित हैं। स्कूल परिसर में इस तरह के निशान मिलने के बाद बच्चों की सुरक्षा को लेकर उनकी चिंता और बढ़ गई है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने और बच्चों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।






