अर्की
पीएम श्री एससीवीटी राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अर्की में आयोजित पांच दिवसीय राज्य स्तरीय सांस्कृतिक प्रतियोगिता का शनिवार को भव्य समापन हुआ। समापन समारोह में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर हिमाचल की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की झलक प्रस्तुत की। कार्यक्रम में शिक्षा निदेशक आशीष कोहली (आईएएस) ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।
विद्यालय परिसर में मुख्य अतिथि का पारंपरिक हिमाचली रीति-रिवाजों के अनुसार स्वागत किया गया। इस अवसर पर संयुक्त निदेशक जे सी नेगी, उप निदेशक (माध्यमिक) मधु जनारथा, उप निदेशक (प्रारंभिक) रीता गुप्ता, उप निदेशक (गुणवत्ता नियंत्रण) राजेंद्र वर्मा सहित विद्यालय के प्रधानाचार्य हेमराज गौड़ मौजूद रहे। मुख्य अतिथि को हिमाचली टोपी एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। पारंपरिक हिमाचली परिधानों में सजे विद्यार्थियों ने अतिथियों का स्वागत किया।
प्रतियोगिता के अंतिम दिन वाद्य यंत्र संगीत, लोक नृत्य और भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे प्रतिभागियों ने अपनी कला, संगीत, नृत्य एवं वक्तृत्व कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के परिणाम इस प्रकार रहे:
वाद्य यंत्र संगीत: मंडी ने प्रथम, हमीरपुर ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
लोक नृत्य: कुल्लू ने प्रथम, शिमला ने द्वितीय और कांगड़ा ने तृतीय स्थान हासिल किया।
भाषण प्रतियोगिता: सोलन ने प्रथम, हमीरपुर ने द्वितीय और शिमला ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
मुख्य अतिथि आशीष कोहली ने विद्यार्थियों की प्रतिभा और प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, आत्मविश्वास और रचनात्मक क्षमता को बढ़ावा देती हैं। साथ ही प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
उन्होंने कहा कि पांच दिनों तक चले इस आयोजन में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ-साथ एक-दूसरे की सांस्कृतिक परंपराओं को जानने और समझने का अवसर मिला।
पांच दिवसीय राज्य स्तरीय सांस्कृतिक प्रतियोगिता का समापन उत्साह, उमंग और सांस्कृतिक एकता के संदेश के साथ हुआ। यह आयोजन प्रतिभागियों, अतिथियों और आयोजकों के लिए यादगार बन गया।






