कुनिहार:-जिला सोलन के एकमात्र जवाहर नवोदय विद्यालय, कुनिहार के विद्यार्थियों ने क्लस्टर स्तरीय कला उत्सव में हिमाचली लोकनृत्य नाटी की शानदार प्रस्तुति देकर विद्यालय का नाम रोशन किया। इस कला उत्सव में हिमाचल प्रदेश के 12 जवाहर नवोदय विद्यालयों के विद्यार्थियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का आयोजन जवाहर नवोदय विद्यालय, पपरोला, जिला कांगड़ा में किया गया। इस दौरान कुनिहार विद्यालय के विद्यार्थियों ने हिमाचल प्रदेश की समृद्ध लोक संस्कृति एवं पारंपरिक कला का सुंदर प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
विद्यालय के संगीत शिक्षक नरेंद्र सिंह एवं योग शिक्षिका मीनाक्षी के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने नाटी की प्रस्तुति तैयार की थी। दोनों शिक्षकों के निर्देशन में विद्यार्थियों ने शानदार तालमेल और उत्साह के साथ लोकनृत्य प्रस्तुत किया।
विद्यालय के प्राचार्य के.के. यादव ने विद्यार्थियों की बेहतरीन प्रस्तुति की सराहना करते हुए सभी प्रतिभागियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विद्यार्थियों के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए उनका उत्साहवर्धन किया।
विद्यार्थियों की इस शानदार प्रस्तुति से विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है। इस प्रकार के सांस्कृतिक आयोजन विद्यार्थियों को अपनी लोक संस्कृति एवं परंपराओं से जोड़ने के साथ-साथ उनकी प्रतिभा को प्रदर्शित करने का अवसर भी प्रदान करते हैं।






