अर्की। अर्जुन खेल मैदान कोटली में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट का समापन समारोह उत्साह और खेल भावना के साथ संपन्न हुआ। समारोह में अर्की के विधायक संजय अवस्थी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर विधायक संजय अवस्थी ने खिलाड़ियों एवं आयोजन समिति की सुविधा को ध्यान में रखते हुए खेल मैदान में साइड रेलिंग के निर्माण के लिए 2 लाख रुपये देने की घोषणा की। रेलिंग बनने से मैदान में खेल के दौरान गेंद बाहर जाने की समस्या से राहत मिलेगी और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। इसके अतिरिक्त उन्होंने टूर्नामेंट के सफल आयोजन के लिए आयोजन समिति को 21 हजार रुपये की सहयोग राशि देने की भी घोषणा की।
विधायक ने कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ-साथ उनमें अनुशासन, टीम भावना, आपसी सहयोग और सकारात्मक सोच विकसित करने में अहम भूमिका निभाते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में अनेक प्रतिभाशाली खिलाड़ी मौजूद हैं, जिन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए उचित मंच और सुविधाएं मिलना जरूरी है। ऐसे खेल आयोजनों से युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। इस तरह के आयोजन युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।






