कुनिहार
अनादिकालीन शिव तांडव गुफा कुनिहार में गुफा विकास समिति एवं शंभू परिवार के सौजन्य से 16 नवंबर 2026, सोमवार को विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इस धार्मिक आयोजन को लेकर क्षेत्र के शिव भक्तों में उत्साह का माहौल है।

इस संबंध में समिति के अध्यक्ष राम रतन तंवर एवं उपाध्यक्ष अमरीश ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि धार्मिक कार्यक्रमों का शुभारंभ 15 नवंबर 2026, रविवार को श्री रामचरितमानस कथा के अखंड पाठ के साथ होगा। इसके पश्चात 16 नवंबर, सोमवार को विधि-विधान के साथ बाबा गुफानाथ जी का पूजन-अर्चन किया जाएगा। तत्पश्चात यज्ञ-हवन एवं पूर्णाहुति के साथ अखंड पाठ को विश्राम दिया जाएगा।
धार्मिक अनुष्ठानों के समापन के पश्चात सभी श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर भजन संध्या के माध्यम से भोले बाबा की महिमा का गुणगान भी किया जाएगा, जिसमें श्रद्धालु भक्ति भाव से अपनी हाजिरी लगाएंगे।
समिति के पदाधिकारियों ने समस्त क्षेत्रवासियों, प्रदेशवासियों एवं शिव भक्तों से आग्रह किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शिव तांडव गुफा कुनिहार पहुंचकर बाबा गुफानाथ जी का आशीर्वाद प्राप्त करें, भजन संध्या में शामिल हों तथा भंडारे का प्रसाद ग्रहण कर पुण्य के भागी बनें।






