अर्की
राजकीय प्राथमिक पाठशाला जयालंग में बच्चों की सुविधा और विद्यालय के बेहतर संचालन के उद्देश्य से रसोईघर का निर्माण करवाया गया है। इस सराहनीय पहल को सफल बनाने में क्षेत्र के दानवीर सज्जनों और विद्यालय स्टाफ ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। सभी के सामूहिक प्रयासों से विद्यालय में करीब 70 हजार रुपये की लागत से रसोईघर तैयार किया गया है।
रसोईघर निर्माण के लिए मनोज कुमार ने 10 हजार रुपये, हरीश कुमार, बाबू राम और श्री मनसा राम ने 5-5 हजार रुपये, रमेश कुमार और पदम देव ने 3100-3100 रुपये तथा इन्द्र पाल, नवजोत सिंह, सुनील कुमार और वीरेंद्र कुमार ने 1100-1100 रुपये का आर्थिक सहयोग प्रदान किया। इस प्रकार दानदाताओं ने कुल 35,600 रुपये की राशि देकर इस पुनीत कार्य में अपना योगदान दिया।
वहीं, रसोईघर निर्माण पर आए शेष खर्च का वहन विद्यालय स्टाफ ने सामूहिक रूप से किया। इसके अतिरिक्त बाबू राम और उनके परिवार ने बच्चों के बैठने की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विद्यालय को डेस्क भी दान किए हैं। इससे विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
विद्यालय परिवार ने सभी दानदाताओं और सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज के लोगों का इस प्रकार शिक्षा के क्षेत्र में आगे आना बेहद सराहनीय है। ऐसे सामूहिक प्रयास न केवल विद्यालयों की आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करते हैं, बल्कि बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध करवाने में भी अहम भूमिका निभाते हैं।
विद्यालय परिवार ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी क्षेत्र के लोगों का इसी प्रकार सहयोग और मार्गदर्शन मिलता रहेगा।






