शहनाज़ भाटिया
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बलेरा में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ आयोजित किया गया। समारोह में ग्राम पंचायत बलेरा की प्रधान बीना देवी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि विद्यालय के पूर्व प्रवक्ता राजेंद्र वर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से खूब समां बांधा, वहीं शैक्षणिक, खेलकूद एवं अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर एसएमसी अध्यक्ष धीरज ठाकुर ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल किताबी शिक्षा देना नहीं, बल्कि बच्चों के व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास कर उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के लिए तैयार करना भी है। उन्होंने विद्यालय के विकास में अर्की के विधायक संजय अवस्थी के सहयोग की सराहना करते हुए बताया कि उनके प्रयासों से विद्यालय को अतिरिक्त कमरों के निर्माण के लिए 5 लाख रुपये, परीक्षा भवन के लिए 5 लाख रुपये, खेल मैदान के लिए 1 लाख रुपये, पुस्तकालय के लिए 3 लाख रुपये तथा एसएमसी को 21 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्राप्त हुई है। उन्होंने इसके लिए विधायक का विद्यालय परिवार की ओर से आभार व्यक्त किया।
एसएमसी के प्रयासों से विद्यालय में हुए कई विकास कार्य
धीरज ठाकुर ने 27 जून 2026 को एसएमसी अध्यक्ष का दायित्व संभालने के बाद विद्यालय में करवाए गए विकास कार्यों का लेखा-जोखा भी प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि स्कूल विकास निधि से चार अतिरिक्त कमरों में प्लास्टर, खिड़कियों एवं दरवाजों का कार्य तथा फर्श पर टाइलें लगाने का काम करवाया गया है। इसके अलावा प्रधानाचार्य कक्ष के सामने लोहे की चादर से कॉरिडोर तैयार करवाया गया, विद्यालय परिसर में सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए गए तथा भवनों का रंग-रोगन भी करवाया गया है।
उन्होंने बताया कि परीक्षा भवन के निर्माण के लिए स्वीकृत 5 लाख रुपये की राशि एसएमसी को प्राप्त हो चुकी है। वहीं विद्यालय में रिक्त चल रहे पदों को भरने के लिए प्रधानाचार्य के साथ विधायक संजय अवस्थी से मुलाकात की गई है। इस पर विधायक ने आगामी 15 से 20 दिनों के भीतर आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया है।
रिक्त पद भरने तक पढ़ाई में सहयोग की अपील
एसएमसी अध्यक्ष ने विशिष्ट अतिथि एवं विद्यालय के पूर्व प्रवक्ता राजेंद्र वर्मा से भी आग्रह किया कि नए प्रवक्ता की नियुक्ति होने तक यदि संभव हो तो वे अपना कुछ समय निकालकर विद्यार्थियों को पढ़ाने में सहयोग दें, ताकि शिक्षकों के रिक्त पदों के चलते बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो।
वहीं मुख्य अतिथि बीना देवी के समक्ष विद्यालय के मुख्य गेट तक इंटरलॉकिंग टाइलें लगवाने तथा विद्यालय परिसर में बड़ी सोलर लाइट स्थापित करवाने की मांग रखी गई। मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि ने इन मांगों को पूरा करवाने के लिए हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।
धीरज ठाकुर ने अपने संबोधन के अंत में कहा कि विद्यालय केवल शिक्षकों और विद्यार्थियों का ही नहीं, बल्कि पूरे समाज की धरोहर होता है। इसके विकास और बेहतर शैक्षणिक वातावरण के निर्माण के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता जरूरी है। उन्होंने सभी से एकजुट होकर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बलेरा को शिक्षा, अनुशासन और उपलब्धियों के क्षेत्र में एक आदर्श संस्थान बनाने में सहयोग देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का समापन पुरस्कार प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को बधाई देने तथा समारोह में उपस्थित सभी अतिथियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करने के साथ हुआ।
समारोह में पंचायत उपप्रधान मस्त राम, पूर्व ब्लॉक महिला कांग्रेस अध्यक्ष बिमला ठाकुर, किसान विकास समिति के प्रधान हरि किशन, पूर्व उपप्रधान लेखराज सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य व्यक्ति, वरिष्ठ नागरिक, अभिभावक, एसएमसी सदस्य एवं विद्यालय परिवार उपस्थित रहा।






