पाई स्कूल केंथल की टीम रही उपविजेता, पंचायत प्रधान निर्मला व पंचायत समिति सदस्य प्रियंका ठाकुर ने विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी देकर किया सम्मानित; दूसरे दिन सीनियर कबड्डी मुकाबलों का होगा आयोजन
गोयला, पवन सिंघ 23 नवंबर। गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में ग्राम पंचायत गोयला में आयोजित दो दिवसीय मेला शरद पूर्णिमा धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ शुरू हुआ। मेले के पहले दिन आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता में
खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन कर दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। प्रतियोगिता के 55 किलोग्राम भार वर्ग में राजपुरा की टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि पाई स्कूल केंथल की टीम उपविजेता रही। रोमांचक मुकाबले के बाद पंचायत प्रधान निर्मला और पंचायत समिति सदस्य प्रियंका ठाकुर ने विजेता व उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। मेले का शुभारंभ सोमवार सुबह 9 बजे ग्राम पंचायत गोयला की प्रधान निर्मला, उपप्रधान गुरुदेव (पप्पू) तथा पंचायत समिति सदस्य प्रियंका ठाकुर द्वारा किया गया। मेले में जूनियर व सीनियर कबड्डी, घड़ा फोड़, ताश प्रतियोगिता और विशाल दंगल मुख्य आकर्षण के रूप में शामिल हैं। मेले के पहले दिन आयोजित कार्यक्रम में जिला परिषद अध्यक्ष स्नेहलता तथा दून विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक परमजीत सिंह पम्मी विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए। दोनों अतिथियों की उपस्थिति में मेले की रौनक और बढ़ गई।
वहीं, मेले के दूसरे दिन 24 नवंबर को सीनियर कबड्डी खिलाड़ियों के बीच मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही मेले का समापन समारोह भी होगा, जिसमें दून विधानसभा क्षेत्र के विधायक राम कुमार चौधरी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। मेले को लेकर क्षेत्र के लोगों और युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। यह आयोजन न केवल ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान कर रहा है, बल्कि क्षेत्र की सांस्कृतिक परंपराओं, आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता को भी मजबूत कर रहा है।






