भलग (मांगल) स्थित बाडु बाड़ा पब्लिक स्कूल में नए शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ हर्षोल्लास के साथ किया गया। इस अवसर पर विद्यालय को फूल मालाओं एवं गुब्बारों से आकर्षक रूप से सजाया गया। विद्यालय की प्रधानाचार्या इंदिरा शर्मा एवं शिक्षकों द्वारा बच्चों का रोली, चंदन तिलक एवं टॉफी देकर गर्मजोशी से स्वागत किया गया। कार्यक्रम के दौरान हिंदू संस्कृति के अनुसार वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ हवन यज्ञ श्रद्धा, आस्था और उल्लास के साथ संपन्न करवाया गया। इस पावन यज्ञ के माध्यम से विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। नन्हे-मुन्ने बच्चों के उत्साह और नई ऊर्जा से परिपूर्ण चेहरों ने विद्यालय परिसर को किलकारियों से गुंजायमान कर दिया। कार्यक्रम के अंत में सभी बच्चों को प्रसाद स्वरूप हलवा वितरित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या इंदिरा शर्मा, शिक्षा समिति प्रधान चुनीलाल, धर्माराम, मीरा, पुष्पा एवं हिना सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।






