दाड़लाघाट:-राजकीय महाविद्यालय दाड़लाघाट में बुधवार को अंतरराष्ट्रीय पृथ्वी दिवस उत्साह और जागरूकता के साथ मनाया गया। इस वर्ष की थीम हमारी शक्ति, हमारा ग्रह रही, जिसके माध्यम से विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण एवं अक्षय ऊर्जा के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. रुचि रमेश ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में पृथ्वी के प्रति उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना और उन्हें प्रकृति संरक्षण के लिए प्रेरित करना था। इको क्लब की प्रभारी सहायक आचार्य भूवि शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि पृथ्वी केवल हमारा निवास स्थान ही नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों की अमूल्य धरोहर भी है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे बिजली की बचत, जल संरक्षण, अधिक से अधिक पौधारोपण तथा अक्षय ऊर्जा के प्रयोग जैसे छोटे-छोटे कदम अपनाकर पर्यावरण संरक्षण में योगदान दें। इस अवसर पर विद्यार्थियों को पृथ्वी संरक्षण से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण तथ्यों से अवगत कराया गया तथा पर्यावरण के प्रति सजग रहने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने मिलकर पृथ्वी को स्वच्छ, सुरक्षित एवं हरित बनाने का संकल्प लिया। इस दौरान इको क्लब के छात्र-छात्राओं के साथ-साथ महाविद्यालय के शिक्षण एवं गैर-शिक्षण कर्मचारी भी उपस्थित रहे।






