दाड़लाघाट:- थाना दाड़लाघाट पुलिस की टीम ने एक गुप्त सूचना के आधार पर गाँव खाता, दाड़लाघाट स्थित एक किराये के कमरे में दबिश दी। दबिश के दौरान एक नेपाली युवक के कब्जे से 491 ग्राम चरस बरामद की गई। पुलिस टीम द्वारा आरोपी को नियमानुसार गिरफ्तार कर लिया गया। इस संबंध में पुलिस थाना दाड़लाघाट में एनडीपीएस अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया। मामले के अन्वेषण के दौरान आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश कर 04 दिन का पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया तथा गहन पूछताछ की गई। अभियोग के आगामी अन्वेषण एवं आरोपी से पूछताछ के दौरान पाया गया कि आरोपी से बरामद चरस उसने जिला कुल्लू के जेरी गाँव से एक नेपाली व्यक्ति से खरीदी थी। इस पर पुलिस थाना दाड़लाघाट की टीम द्वारा बैंक ट्रांजेक्शन की डिटेल एवं अन्य तकनीकी साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया गया। विश्लेषण के आधार पर उक्त मामले में संलिप्त दूसरे आरोपी की पहचान की गई। पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में संलिप्त आरोपी, उम्र 41 वर्ष, को 23 अप्रेल को backward linkage के आधार पर जिला कुल्लू के गाँव जेरी से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपी को आज दिनांक 24 अप्रेल को माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस द्वारा मामले में आगामी जांच जारी है।






