दाड़लाघाट :-
राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धुंदन में तपेदिक (टीबी) उन्मूलन को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाचार्या मनोरमा कुमारी चड्ढा ने की।प्रार्थना सभा के दौरान राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की स्वयंसेवी पूर्णिमा और जान्हवी ने विद्यार्थियों को तपेदिक के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह एक जीवाणु संक्रमण से होने वाली बीमारी है, जो मुख्य रूप से फेफड़ों को प्रभावित करती है। इस दौरान विद्यार्थियों को बताया गया कि यदि किसी व्यक्ति को दो सप्ताह से अधिक समय तक खांसी रहती है या खांसी के साथ खून अथवा बलगम आता है, तो तुरंत जांच करवानी चाहिए। यह रोग संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने से तथा हवा के माध्यम से फैलता है। प्रधानाचार्या मनोरमा कुमारी चड्ढा ने कहा कि क्षय रोग पूरी तरह से इलाज योग्य है और इसका उपचार 6 से 9 महीनों तक चलता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे इस बीमारी के प्रति जागरूक रहें और अन्य लोगों को भी इसके बारे में जानकारी दें, क्योंकि सही जानकारी ही इस रोग से बचाव और उपचार का सबसे प्रभावी माध्यम है। इस अवसर पर विद्यालय का समस्त स्टाफ एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।






