अर्की :-उपमंडल अर्की के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान लक्ष्य पब्लिक स्कूल अर्की में भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों तथा आध्यात्मिक चेतना के प्रसार हेतु विधिवत हवन यज्ञ का आयोजन किया गया। इस पावन अवसर पर विद्यालय परिसर वैदिक मंत्रोच्चारण, यज्ञ धूम तथा भक्तिमय वातावरण से सुगंधित हो उठा।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्या कुसुम गुप्ता तथा लक्ष्य शिक्षण संस्थान के अध्यक्ष डॉक्टर प्रेम लाल गुप्ता द्वारा हवन कुंड में प्रथम आहुति देकर किया गया। इसके पश्चात विद्वान आचार्य ने वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार हवन संपन्न करवाया। उन्होंने मां सरस्वती एवं गायत्री माता की आराधना कर विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य तथा सुख-समृद्धि की मंगलकामना की। साथ ही उपस्थित सभी जनों को सत्य, सेवा और सदाचार के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।
हवन यज्ञ में विद्यालय के प्रधानाचार्य, समस्त अध्यापक वर्ग, विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य तथा नर्सरी से वरिष्ठ कक्षाओं तक के विद्यार्थियों ने श्रद्धा एवं उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने पूर्ण आस्था के साथ यज्ञ में आहुतियां अर्पित कीं और वातावरण भक्तिरस से सराबोर हो गया।
विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों में अनुशासन, एकाग्रता, संस्कार एवं भारतीय परंपराओं के प्रति सम्मान की भावना विकसित करते हैं। साथ ही ऐसे धार्मिक कार्यक्रम विद्यार्थियों के मानसिक एवं आध्यात्मिक विकास में भी सहायक सिद्ध होते हैं।
हवन यज्ञ के उपरांत सभी विद्यार्थियों एवं उपस्थित जनों को प्रसाद वितरित किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन से विद्यालय परिसर में हर्ष, उल्लास और सकारात्मक ऊर्जा का संचार देखने को मिला।






