Home » Uncategorized » हिमाचल में पंचायत चुनाव की घोषणा, तीन चरणों में होगा मतदान; आचार संहिता लागू।

हिमाचल में पंचायत चुनाव की घोषणा, तीन चरणों में होगा मतदान; आचार संहिता लागू।

Share:

शिमला( स्टेट ब्यूरो):-
हिमाचल प्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग ने आज प्रदेश में पंचायत चुनाव की घोषणा कर दी है। चुनाव कार्यक्रम जारी होते ही पूरे राज्य में आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है, जिससे सरकारी स्तर पर नई घोषणाओं और योजनाओं पर रोक लग गई है।
निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार पंचायत चुनाव तीन चरणों में आयोजित किए जाएंगे। प्रदेश में 26 मई, 28 मई और 30 मई 2026 को मतदान होगा। सभी मतदान केंद्रों पर वोटिंग सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक होगी।
नामांकन प्रक्रिया 7, 8 और 11 मई को होगी, जबकि 12 मई को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। उम्मीदवार 14 और 15 मई तक अपने नाम वापस ले सकेंगे तथा 15 मई को अंतिम प्रत्याशी सूची जारी की जाएगी।
प्रदेश में इस बार कुल 3754 पंचायतों में चुनाव होंगे, जिनमें करीब 31,182 पदों पर प्रतिनिधियों का चयन किया जाएगा। इनमें पंचायत प्रधान, उपप्रधान, वार्ड सदस्य, बीडीसी और जिला परिषद सदस्य शामिल हैं।
चुनाव के लिए राज्यभर में 21 हजार से अधिक मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां 50 लाख से ज्यादा मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए संवेदनशील मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग और वीडियोग्राफी की व्यवस्था की जाएगी।
निर्वाचन आयोग के अनुसार पंचायत स्तर की मतगणना मतदान के दिन ही पूरी कर ली जाएगी, जबकि बीडीसी और जिला परिषद सदस्यों की मतगणना 31 मई को होगी।
इसके अलावा चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों के लिए सख्त नियम भी निर्धारित किए गए हैं। अवैध कब्जाधारियों तथा नशे से जुड़े मामलों में संलिप्त व्यक्तियों को चुनाव लड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
उल्लेखनीय है कि चुनाव से पहले अंतिम मतदाता सूची जारी की जा चुकी है और प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। पंचायत चुनाव को लेकर अब प्रदेशभर में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *