दाड़लाघाट :- पीएम श्री राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चंडी अर्की में विद्यालय प्रबंधन समिति की आमसभा का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों के माता-पिता और अभिभावकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। बैठक के दौरान सत्र 2026-27 के लिए विद्यालय विकास योजना पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही विद्यालय की शैक्षिक एवं गैर-शैक्षिक गतिविधियों में गुणवत्ता सुधार को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।
प्रधानाचार्य लच्छी राम ठाकुर ने कहा कि बच्चों के समग्र विकास के लिए उनकी विद्यालय में नियमित उपस्थिति बेहद आवश्यक है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की पढ़ाई के साथ-साथ अच्छे संस्कारों पर भी विशेष ध्यान देने का आग्रह किया। विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष टेकचंद शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि समिति की सक्रियता किसी भी विद्यालय के विकास की महत्वपूर्ण कड़ी होती है। यदि अभिभावक और समुदाय अध्यापकों के साथ मिलकर कार्य करें तो विद्यालय चौमुखी विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ सकता है। उन्होंने अभिभावकों से समय-समय पर विद्यालय आकर बच्चों की प्रगति का आकलन करने और शिक्षकों व प्रधानाचार्य से संवाद बनाए रखने की अपील की। साथ ही बच्चों में अनुशासन बनाए रखने पर भी जोर दिया। बैठक में समिति ने सरकार से विद्यालय में खाली पड़े पदों प्रवक्ता रसायन विज्ञान, प्रवक्ता हिंदी, डीपी और सेवादार को शीघ्र भरने की मांग उठाई। समिति का कहना है कि इन पदों के रिक्त होने से विशेषकर विज्ञान विषय में विद्यार्थियों का नामांकन प्रभावित हो रहा है। प्रबंधन समिति के रिक्त पदों पर मीरा देवी, चंपा देवी और सुरेश शर्मा को कार्यकारिणी सदस्य चुना गया। कार्यक्रम का संचालन प्रवक्ता अर्थशास्त्र अमिता कौशल ने किया। इस अवसर पर कॉमर्स प्रवक्ता शांता, इतिहास प्रवक्ता हेमलता सहित अन्य अध्यापक भी मौजूद रहे।






