Home » Uncategorized » कुनिहार विकास खंड में पंचायत चुनाव के दौरान दो बैलेट पेपर गायब, 8 कर्मचारियों पर FIR दर्ज

कुनिहार विकास खंड में पंचायत चुनाव के दौरान दो बैलेट पेपर गायब, 8 कर्मचारियों पर FIR दर्ज

Share:

अर्की:-पंचायत चुनाव-2026 के दौरान विकास खंड कुनिहार में बैलेट पेपर लेखन कार्य के बीच दो बैलेट पेपर गायब होने का मामला सामने आने से प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने बैलेट पेपर लेखन कार्य में तैनात आठ कर्मचारियों के खिलाफ पुलिस थाना कुनिहार में एफआईआर दर्ज करवाई है। इनमें संबंधित सहायक रिटर्निंग अधिकारी (एआरओ) भी शामिल हैं। साथ ही सभी कर्मचारियों को चुनाव ड्यूटी से हटा दिया गया है।
जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत खनलग के वार्ड नंबर-4 के लिए जारी किए गए दो बैलेट पेपर जांच के दौरान गायब पाए गए। खंड विकास अधिकारी एवं रिटर्निंग अधिकारी पंचायत कुनिहार तन्मय कंवर द्वारा पुलिस को भेजी शिकायत में बताया गया है कि उक्त पंचायत के लिए बैलेट पेपर क्रम संख्या 5265516 से 5265670 तक जारी किए गए थे। जांच के दौरान इनमें से क्रम संख्या 5265669 और 5265670 के दो मतपत्र नहीं मिले।

उन्होंने बताया कि 16 मई से ब्लॉक मुख्यालय कुनिहार में बैलेट पेपर लेखन कार्य चल रहा है। इसके लिए विभिन्न पंचायतों के सहायक रिटर्निंग अधिकारियों और कर्मचारियों को बैलेट पेपर वितरण एवं लेखन की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। प्रशासन ने गड़बड़ी सामने आने के बाद अपने स्तर पर भी जांच शुरू कर दी है। पुलिस भी मामले की जांच में जुट गई है और सभी कर्मचारियों से पूछताछ जारी है।

वहीं, डीएसपी अशोक चौहान ने बताया कि बैलेट पेपर गुम होने की शिकायत पर पुलिस थाना कुनिहार में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *