Home » Uncategorized » बी.एल. स्कूल कुनिहार में अंतर्राष्ट्रीय जैव विविधता दिवस पर विद्यार्थियों ने जाना प्रकृति का महत्व

बी.एल. स्कूल कुनिहार में अंतर्राष्ट्रीय जैव विविधता दिवस पर विद्यार्थियों ने जाना प्रकृति का महत्व

Share:


कुनिहार
बी एल सेंट्रल पब्लिक वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुनिहार में 22 मई को अंतर्राष्ट्रीय जैव विविधता दिवस बड़े उत्साह एवं जागरूकता के साथ मनाया गया। जानकारी देते हुए इको क्लब प्रभारी दिनाक्षी ठाकुर ने बताया की लायन इको क्लब द्वारा विशेष शैक्षणिक एवं पर्यावरण जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम के अंतर्गत इको क्लब के विद्यार्थियों को विद्यालय के आसपास के प्राकृतिक क्षेत्रों का शैक्षणिक भ्रमण करवाया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रकार के पौधों, औषधीय वनस्पतियों, पेड़-पौधों, पक्षियों तथा अन्य जीव-जंतुओं का अवलोकन किया। विद्यार्थियों को स्थानीय फ्लोरा एवं फॉना के महत्व, पर्यावरण संतुलन तथा जैव विविधता संरक्षण की आवश्यकता के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। बच्चों ने प्रकृति के विविध स्वरूपों को नजदीक से देखकर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी रुचि एवं उत्साह व्यक्त किया।
इस गतिविधि के दौरान इको क्लब इंचार्ज दिनाक्षी विद्यार्थियों के साथ उपस्थित रहीं तथा उन्होंने बच्चों को प्रकृति से जुड़ी अनेक महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्रदान कीं। उन्होंने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण, पौधारोपण तथा जैव विविधता बचाने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय के चेयरमैन गोपाल शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में जैव विविधता का संरक्षण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ बच्चों को प्राकृतिक वातावरण के प्रति संवेदनशील बनाती हैं तथा उनमें प्रकृति संरक्षण और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करती हैं।विद्यालय प्रशासन ने भविष्य में भी विद्यार्थियों के लिए ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *