कुनिहार:-
कुनिहार क्षेत्र की कोठी पंचायत के वार्ड नंबर-2 के करीब 8 परिवार पिछले एक साल से पानी की किल्लत झेल रहे हैं। जल शक्ति विभाग की ओर से यहां हफ्ते में केवल एक बार नाममात्र पानी की आपूर्ति की जा रही है।
पानी न मिलने से ग्रामीणों को आधा किलोमीटर दूर साथ लगते गांव से पानी ढोकर लाना पड़ रहा है। विभाग से बार-बार गुहार लगाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ।
ऐसे में गांव निवासी शिवराम पाल ने आगे आकर अपनी जमीन पर करीब 4 लाख रुपये खर्च कर निजी बोरवेल लगवाया है। वह अब इस बोरवेल से अन्य 7 परिवारों को भी पानी उपलब्ध करवा रहे हैं। शिवराम पाल कुनिहार भारतीय राज्य पेंशनर संघ इकाई के वरिष्ठ सदस्य हैं।
मंगलवार को शिवराम पाल ने संघ के अन्य सदस्यों की मौजूदगी में बोरवेल का विधिवत उद्घाटन करवाया। इस नेक कार्य के लिए सदस्यों ने उन्हें शुभकामनाएं और बधाई दी।
ग्रामीणों ने मांग की है कि जल शक्ति विभाग जल्द समस्या का स्थायी समाधान करे ताकि उन्हें राहत मिल सके।






