दाड़लाघाट:- प्रदेश राज्य विद्युत सेवानिवृत्त एसोसिएशन दाड़लाघाट एवं नम्होल यूनिट के अध्यक्ष प्रेम केशव ने पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव में सेवानिवृत्त कर्मचारियों द्वारा उम्मीदवार बनने के फैसले को सराहनीय बताया है। उन्होंने कहा कि सभी उम्मीदवार राजनीति से ऊपर उठकर आम जनता की मूलभूत समस्याओं का जायजा लें और लोगों को भरोसा दिलाने का कार्य करें। केवल जुमलेबाजी करने से उम्मीदवार की छवि पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। प्रेम केशव ने कहा कि गांवों में बिजली, पानी, सड़क तथा ऑपरेटरों से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए कार्य करना हर उम्मीदवार का कर्तव्य बनता है। उन्होंने कहा कि आज जनता जागरूक है और वही उम्मीदवार जीत सुनिश्चित करेगा जो ईमानदारी के साथ लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरेगा।






