पट्टा महलोग, पवन सिंघ :
प्राचीन धार्मिक आस्था के केंद्र गुरुनार पर्वत बखरोग पट्टा महलोग में 1 व 2 जून को आठवें विशाल मेले का भव्य आयोजन होने जा रहा है। इस धार्मिक आयोजन को लेकर क्षेत्र में उत्साह और श्रद्धा का माहौल बना हुआ है। मेले के दौरान विशाल भंडारा, भव्य जागरण तथा विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें क्षेत्र सहित दूर-दराज से हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
आयोजन समिति द्वारा मेले की सभी तैयारियां लगभग पूर्ण कर ली गई हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं ताकि आने वाले भक्तों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। मेले के दौरान पूरा क्षेत्र “जय श्री सिद्ध बाबा बालक नाथ जी” तथा “गुरुनार पर्वत वाले जोगी बाबा नाथ जी की जय” के जयकारों से भक्तिमय माहौल में गूंज उठेगा।
स्थानीय लोगों के अनुसार यह मेला केवल धार्मिक आयोजन ही नहीं बल्कि क्षेत्र की संस्कृति, आस्था और आपसी भाईचारे का भी प्रतीक बन चुका है। हर वर्ष आयोजित होने वाले इस मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा के दरबार में माथा टेककर सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हैं। मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन भी किया जाएगा, जहां सेवाभाव से लोगों को प्रसाद वितरित किया जाएगा।
आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुओं से मेले में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि इस पावन अवसर पर सभी भक्तजन बाबा का आशीर्वाद प्राप्त करें और धार्मिक कार्यक्रमों का आनंद लें। गुरुनार पर्वत का यह विशाल मेला अब क्षेत्र की एक विशेष धार्मिक पहचान बन चुका है, जिसका श्रद्धालु पूरे वर्ष बेसब्री से इंतजार करते हैं।






