दाड़लाघाट:-पंचायती राज चुनाव के प्रथम चरण के दौरान जहां पूरे प्रदेश में मतदान को लेकर उत्साह देखने को मिला, वहीं दाड़लाघाट ग्राम पंचायत के वन विश्राम गृह ओर राजकीय प्राथमिक विद्यालय दाड़लाघाट के मतदान केंद्र पर अव्यवस्थाओं के कारण मतदाताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि इसके बावजूद मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। जानकारी के अनुसार राजकीय केंद्रीय पाठशाला दाड़लाघाट में बनाए गए मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। वहीं वन विश्राम गृह स्यार में अलग-अलग वार्डों के लिए अलग-अलग बूथ बनाए गए थे, लेकिन यहां पर्याप्त स्थान न होने के कारण मतदाताओं को खड़े रहने में कठिनाई हुई। स्थानीय लोगों के अनुसार मतदान केंद्र के आगे एक कमरे का निर्माण हुआ है तथा बीच में लगे पिलरों के कारण कतार में खड़े होने के लिए पर्याप्त जगह नहीं बची, जिससे विशेषकर बुजुर्गों और महिलाओं, युवाओं को असुविधा का सामना करना पड़ा। इसी के साथ स्यार में एक ही संकरी गली में तीन मतदान समूह (बूथ) रखे जाने के कारण भी भीड़ एक जगह इकट्ठी हो गई, जिससे स्थिति और अधिक कठिन हो गई तथा लोगों को लंबा इंतजार करना पड़ा। मतदाताओं ने प्रशासन से मांग की है कि भविष्य में मतदान केंद्रों पर बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि किसी को भी परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके बावजूद लोगों ने धैर्य बनाए रखते हुए अपने मताधिकार का प्रयोग किया और लोकतंत्र के इस पर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।






